Friday, 30 July 2021

358 गोप


वृन्दावन के गोपगण, कृष्ण के अन्तरंग सखा थे। वे अपनी गाय भैंस चराने और कृष्ण के साथ खेलते हुए अधिक आनन्दित होते थे। उन्हें यह नहीं मालूम था कि कृष्ण इस विश्व  ब्रह्माण्ड के नियामक, प्राण पुरुष, पुरुषोत्तम हैं। उन्हें यह बड़ी बड़ी बातें जानने की आवश्यकता  ही नहीं थी। वे तो केवल यह जानते थे कि कृष्ण कन्हैया केवल उनका सबसे प्रिय है, उनका अभिन्न है, वे उससे पृथक नहीं हो सकते। जब अक्रूर के साथ कृष्ण मथुरा जाने लगे तब वे सभी उनके रथ के पहिए के नीचे लेट गए और कहने लगे कि वे उन्हें बृज से जाने नहीं देंगे। पर कृष्ण की तो अपनी योजनाएं थीं अतः वे अवश्य ही जाएंगे और बताइए, गोप गोंपियां उन्हें रोक रही हैं। अक्रूर के बहुत समझाने पर भी बात न बनी तो वे केवल इस बात पर कम्प्रोमाइज करने को सहमत हो गई कि यदि कृष्ण कह दें कि वे लौट कर वृन्दावन वापस आएंगे तो पहिए के नीचे से वे सब हट जाएंगे। अब कृष्ण आज के राजनेताओं की तरह झूठ तो बोल नहीं सकते थे, उन्हें वोट तो पाना नहीं था कि वे झूठा आश्वासन  देे देते। वे जानते थे कि वे अब वापस नहीं आएंगे, उन्हें तो बड़े बड़े काम करना हैं अतः उन्होंने अपने उन भाभुक भक्तों को भावमयी भाषा में ही कहा ‘‘मेरा शरीर बृज से दूर रह सकता है पर मेरा मन सदा बृज की धूल में लोटता रहेगा।’’ बस, इस भावप्रवण मधुरिमा ने भक्त गोपगोपियों का मन गदगद कर दिया। गोप का अर्थ होता है, ‘‘गोपायते इति सः गोपाः’’। यानी, वे व्यक्ति जिनके जीवन का एकमेव उद्देश्य  परमपुरुष को आनन्दित करना है वे हैं गोप। भक्ति के अनेक प्रकारों में से सर्वश्रेष्ठ प्रकार है ‘रागात्मिका भक्ति’ इसमें भक्त की भावना यह होती है कि मुझे चाहे जितना कष्ट मिले मेरे प्रभु मेरी ओर से आनन्दित ही रहें। गोप गोपियाॅं रागात्मिका भक्ति की श्रेणी में आती हैं।


Wednesday, 28 July 2021

357 परम्परा


ऐसे अनेक लोग समाज में मिल जाएंगे जो परंपरा के नाम पर वह सब कुछ लादे रहते हैं जो आज के समय मेें औचित्यहीन हो चुका होता है। चाहे सड़ा गला दुर्गंध युक्त समान हो या निरर्थक हो चुके सिद्धान्त वे उन्हें परम्परा के नाम पर सहेज कर रखना चाहते हैं। कोई यदि तर्क पूर्वक उन्हें समझाना चाहे तो वे आक्रामक होकर उसे असंस्कृत कहने में भी नहीं चूकते। वास्तव में वे परम्परा और संस्कृति को समानार्थी मानने लगते हैं। सर्वविदित है कि समाज का अर्थ है जो एक समान उद्देश्य  को लेकर लगातार आगे बढ़ते रहना चाहता है ‘‘समाने ईजति यः सः समाजः’’। अर्थात् वही लोग आगे बढ़कर उत्तरोत्तर प्रगति कर सकते हैं जो समयानुकूल अद्यतन ज्ञान के द्वारा अपने को परिमार्जित करते रहने का गुण विकसित कर लेते हैं। परन्तु पूर्वोक्त परम्परावादी केवल मानसिक रोगी ही कहला सकते हैं क्योंकि वे जानबूझकर अपनी प्रगति में स्वयं बाधक बन जाते हैं। मनुष्य की आवश्यकताओं और मानसिक विकास के अनुरूप प्रत्येक युग में सामाजिक व्यवस्थाओं में सहज भाव से परिवर्तन होते रहते हैं। समाज की गतिशीलता रुक जाए तो समाज का ढांचा ही चकनाचूर हो जाएगा। आज का हिंदु समाज खोखली परम्पराओं को लादे अपनी गतिशीलता को रुद्ध करके प्रतिदिन ध्वंस की ओर अग्रसर हो रहा है और भविष्य में निश्चिन्ह  होने को उन्मुख है। आवश्यकता  है पुरानी पड़ चुकी अतार्किक, अवैज्ञानिक और अविवेकपूर्ण परम्पराओं के नाम पर अंधविश्वास  फैलाकर लोगों को भ्रमित करने के स्थान पर उन्हें वैज्ञानिक सोच के साथ समय के अनुकूल परिवर्तित कर तदनुसार चलना और चलाना। 


Tuesday, 13 July 2021

356 मन कैसे कार्य करता है?


मन के दो खंड होते हैं, एक व्यक्तिनिष्ठ (subjective mind)  और दूसरा वस्तुनिष्ठ (objective mind) .  मानलो एक बिल्ली दिखाई दी, अब यदि आँख  बंद कर उस बिल्ली को फिर से याद किया जाता है तो मन का जो भाग बिल्ली का आकार बनाने लगता है उसे वस्तुनिष्ठ मन और जो भाग केवल देखता रहता है अर्थात् साक्ष्य देता है कि बिल्ली का रूप बन गया, उसे व्यक्तिनिष्ठ भाग कहते हैं।

इस प्रकार सभी के पास वस्तुनिष्ठ मन है अर्थात् मन का वह भाग है जो सोचने की वस्तुनिष्ठता रखता है, अब देखना यह है कि यह वस्तुनिष्ठ मन कार्य कैसे करता है। मानलो कोई पोस्टआफिस के बारे में सोचता है तो पोस्ट आफिस उसके वस्तुनिष्ठ मन में है और यदि कोई मेंढक या मच्छर के बारे में सोचता है तो वह मच्छर, मेंढक के वस्तुनिष्ठ मन में है। इसलिये किसी के द्वारा किसी वस्तु के संबंध में सोचने का अर्थ हुआ उसके वस्तुनिष्ठ मन के द्वारा उस वस्तु का आकार या रूप ग्रहण कर लेना।

इसके अलावा यह वस्तुनिष्ठ मन भी दो प्रकार से कार्य करता है, एक तो वह जो किसी देखी गई वस्तु जैसे बिल्ली को फिर से आँख  बंद कर देखने पर वह वस्तुनिष्ठ मन बिल्ली का प्रतिविंब बना लेता है। इसी वस्तुनिष्ठ मन के कार्य करने का दूसरा प्रकार यह  है, मानलो अब उसकी कल्पना करते हैं जिसका अस्तित्व ही नहीं है जैसे भूत,  तो अस्तित्व न होते हुए भी जो सोचा जा रहा है कि इस अंधेरे कमरे में भूत रहता है जिसके बड़ेबड़े दाॅंत और उल्टे पैर होते हैं, यह बिल्कुल कल्पना है परंतु फिर भी वह वस्तुनिष्ठ मन में अपना प्रतिविंब बनाता है और इस कल्पित भूत को जो देखने का काम करता है वह भी इसी मन का व्यक्तिनिष्ठ भाग है। अधिकाॅंश  मनोवैज्ञानिक बीमारियाॅं इसी दूसरे प्रकार के काल्पनिक चिंतन का परिणाम होती हैं। जब, कि प्रारंभिक अवस्था में चेतन मन अपनी ज्ञानेन्द्रियों  की सहायता से देखे जा रहे कल्पित भूत को परख लेता है कि सचमुच में भूत है भी कि नहीं तब अंत में  पाता है कि कोई भूत नहीं है और जो आभास हो रहा था वह मात्र कल्पना थी। यही सही भी है। इसका अर्थ यह है कि यथार्थ निर्णय करने के लिये मन का व्यक्तिनिष्ठ भाग (अर्थात् जो देख रहा है या साक्ष्य दे रहा है), वस्तुनिष्ठ भाग  (अर्थात् जो देखा जा रहा है) से अधिक शक्तिशाली होना चाहिये ।

अब यदि कहीं इसका उलटा हो जाये, अर्थात् वस्तुनिष्ठ भाग की शक्ति व्यक्तिनिष्ठ भाग से अधिक हो जाये तब इस अवस्था में वह व्यक्ति भूत का होना ही सही कहेगा।  यदि यह एक या दो बार ही होता है तो उसे समझाया जा सकता है परंतु यदि सोचने वाले के व्यक्तिनिष्ठ भाग को उसके वस्तुनिष्ठ भाग ने अपने चंगुल में ले लिया है तो यह वही अवस्था होती है जहाॅं से मनोवैज्ञानिक बीमारियाॅं जन्म लेती हैं। वह अपने हृदय से मानने लगता है कि भूत सचमुच होता है। काल्पनिकता उसके लिये जीवन्तता में बदल जायेगी और वह भयंकर मनोवैज्ञानिक बीमारी से ग्रस्त हो जायेगा।


Friday, 11 June 2021

355 जीवन मुक्त

 

भारतीय दर्शन में वैज्ञानिक आधार पर ही सब तथ्यों को समझाया गया है परन्तु विद्वानों ने अपने अपने ढंग से उसे समझकर उसका अनुसरण किया है। यह वैज्ञानिक रूप से सिद्ध है कि जब किसी वस्तु को स्पर्श किया जाता है तो उसमें स्पर्श का प्रभाव पड़ता है और वह प्रभाव तब तक रहता है जब तक वह अपनी स्पर्श ऊर्जा को किसी कार्य रूप में विकीर्णित नहीं कर देता। जैसे सिरों पर बंधे किसी तार को बीच में पकड़कर छोड़ दिया जाता है तो उसमें इस खिचाव से उत्पन्न ऊर्जा, कम्पनों के माध्यम से उसमें ध्वनि उत्पन्न कर घीरे धीरे समाप्त होती जाती है जबतक तार अपनी पूर्ववत साम्यावस्था में नहीं आ जाता। उसी प्रकार जीवधारियों में भी किसी कार्य को करने से पहले उनके मन में विचार आता है फिर वह उसे अपने ढंग से कार्यरूप देता है। इससे उसके मन पर ऊर्जा तरंगों के जो आघात लगते हैं वे तब तक संचित होते जाते हैं जब तक उन्हें समाप्त होने का अवसर नहीं मिल जाता। दार्शनिक भाषा में इन्हें संस्कार कहते हैं। भारतीय दर्शन में स्रष्टि का स्रजन और तदनुसार विकास, क्रमागत रूप से हुआ है अतः सूक्ष्म से स्थूल और स्थूल से सूक्ष्म यह विकास चक्र चलता रहता है और सभी स्रष्ट वस्तुओं और जीवधारियों का रूपान्तरण चलता रहता है जब तक कि वे अपनी मौलिक साम्यावस्था में वापस नहीं लौट जाते। मनुष्य के स्तर पर ये संस्कार मन की दशा के अनुसार बनते और नष्ट होते हैं अतः कहा जाता है कि ‘‘मन’’ ही मनुष्यों के बंधन या मोक्ष का कारण होता है। उत्तरोत्तर विकास के लिए इन सभी प्रकार के संस्कार बंधनों से मुक्त होने की शिक्षा दी जाती है। 

इन संस्कारों से मुक्त होने के लिए मनुष्य को लगातार संघर्ष करना पड़ता है। चूंकि मनुष्य अपनी पूर्ववर्ती पाश्विक जीवन से क्रमशः उन्नत होकर मनुष्य स्तर पर आता है अतः तब से अभी तक के असंख्य संस्कारों को क्षय करने के लिए अपार संघर्ष करना पड़ता है। पाश्विक संस्कारों से मुक्ति का संघर्ष करते समय इसे ‘‘पाश्वाचार’’ कहा जाता है। इसके बाद सूक्ष्म स्तरीय संस्कारों को क्षय करने के लिए मानसिक शक्ति का उपयोग करना पड़ता है अतः इसे ‘‘शाक्ताचार’’ कहते हैं। इसके बाद भी अनेक अत्यंत सूक्ष्म संस्कार रह जाते हैं उन्हें गुरु के सान्निध्य में रहकर इष्टमंत्र की सहायता से पूर्णतः समाप्त कर अपनी मूल अवस्था को पाने का कार्य ‘‘दिव्याचार’’ कहा जाता है।

सूक्ष्मस्तरीय और अतिसूक्ष्मस्तरीय इन संस्कारों को ‘षडरिपु’ और ‘अष्टपाश’ कहा जाता है। काम अर्थात् वासना, क्रोध, लोभ, दर्प अर्थात् मद, मोह अर्थात् आसक्ति, और मात्सर्य अर्थात् ईष्र्या ये षडरिपु और भय, लज्जा, घृणा, षंका, कुल, षील, मान और जुगुप्सा ये अष्टपाश है। षडरिपु का अर्थ है छै शत्रु, इन्हें शत्रु इसलिये कहा जाता है क्योंकि ये इकाई चेतना को सूक्ष्मता ही ओर जाने से रोककर स्थूलता में अवशोषित करने का कार्य करते हैं। इकाई चेतना का उच्चतम स्तर सूक्ष्म है अतः उस ओर जाने से रोकने वाला शत्रु हुआ। अष्टपाश का अर्थ है आठ बंधन, बंधनों में बंधा हुआ कोई भी व्यक्ति अपनी गति खो देता है। स्रष्टि में हम देखते हैं कि मानव की गति स्थूल से सूक्ष्म की ओर होती है परंतु पूर्वोक्त अष्टपाश आदि स्थूलता से जकड़े रहने के कारण सूक्ष्मता की ओर जाने से रोकते रहते हैं। इन सभी से मुक्त होने के लिए समय समय पर विद्वानों ने अनेक प्रकार की विधियों को निर्धारित किया है जिन्हें पूजा या उपासना पद्धतियाॅं कहा जाता है। जिसे  जो भी पद्धति अच्छी लगती है वह उसका अनुसरण करते देखा जाता है परन्तु सभी में निहित उद्देश्य होता है इन सभी संस्कारों से मुक्ति पाना। गायंत्री मंत्र में भी बुद्धि को शुद्ध करने की प्रार्थना  की गई है। कुछ ज्ञानीलोग इनसे भौतिक उपलब्धियों के पाने का प्रलोभन भी देते हैं और अधिकांश लोग इसी कारण से पूजा या उपासना करते हैं पर इसके पीछे छिपे यथार्थ उद्देश्य को भूल जाते हैं और बार बार नये नये संस्कारों का बोझ लादते जाते हैं। श्रीमद्भग्वदगीता में कहा गया है कि 

‘‘यतीन्द्रिय मनो बुद्धिर्मुनिः मोक्ष परायणः, विगतेच्छा भय क्रोधो यः सदा मुक्त एव सः। गीता 5/28’’

अर्थात् जिस व्यक्ति ने अपने मन और इंद्रियों को नियंत्रित कर अपनी बुद्धि को जीवन के परम लक्ष्य ‘मोक्ष’ की ओर लगाए रखकर अपनी सभी इच्छाओं, भय और क्रोध को मन से निकाल दिया है वह इस जीवन में रहते हुए सदा ही मुक्त माना जाता है। उसे इस जीवन को बनाए रखने या न रखने से भी कोई मतलब नहीं रहता। यदि वह इस अवस्था में भी अपना जीवन जीता है तो वह केवल लोक कल्याण के कर्म में ही संलग्न रहता है जिससे उसके अन्य संस्कार उत्पन्न ही नहीं हो पाते ऐसा महान ब्यक्ति जीवन मुक्त कहलाता है।


Tuesday, 1 June 2021

354 एलोपैथिक और आयुर्वेदिक समर्थकों में व्यर्थ का विवाद

 

योगासनों को टेलीविजन पर दिखाते हुए चर्चा में आए बाबा रामदेव ‘पतंजली ब्रांड’ के नाम से  दवाओं सहित अपने अनेक उत्पाद उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा रहे हैं। इस समय जहाॅं सारा विश्व कोरोना बीमारी के महासंकट से जूझ रहा है, बाबा रामदेव ने अति उत्साह में एक सभा में कह दिया कि  ‘‘एलोपैथी एक स्टुपिड और दिवालिया साइंस है, एलोपैथिक डाक्टर जो दवायें दे रहे हैं वे एक एक कर फेल हो रही हैं, लाखों लोगों की मौत इनकी दवाओं से हो  रही हैं। जितनी मौतें हास्पिटल न जाने के कारण हुई हैं या आक्सीजन न मिलने के कारण हुई हैं उससे अधिक आक्सीजन के मिलने के बावजूद एलोपैथिक दवाओं से हुई हैं, स्टेरायड से हुई हैं। इस प्रकार लाखों लोगों की मौतें एलोपैथिक दवाओं सें हो चुकी है।’’ एलोपैथिक डाक्टरों ने इसे गंभीरता से लिया है और अपनी जानपर खेलकर देश भर मे कोरोना से लड़ने वाले डाक्टरों के प्रति रामदेव का रवैया अपमानजनक और अमानवीय कहते हुए उनसे लिखित में माफी मांगने के लिए आन्दोलन चला रखा है। किसी किसी ने तो  उन्हें देश द्रोह के अंतर्गत जेल भेजने तक की मांग कर डाली है। इस पर रामदेव ने एलोपैथिक दवाओं को उनकी मूल कीमत से चालीस गुना तक अधिक कीमत में बेचे जाने का मुद्दा उठाकर अपने को बचाने का प्रयास किया है। इसके पक्ष में उन्होंने एलोपैथिक दवाओं और जेनरिक दवाओं की कीमतों में जमीन आसमान का अंतर होने पर सिनेमा अभिनेता आमिर खान के द्वारा लिया गया एक डाक्टर से इंटरव्यु के वीडियो का संदर्भ दिया है। इस तरह एलोपैथिक डाक्टरों  और बाबा रामदेव में यह विवाद बढ़ता ही जा रहा है। ऐसा लगने लगा है कि दो अरबपति व्यापारी अपने अपने अहं, अस्तित्व और वर्चस्व को बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर जाने को कटिबद्ध है। अब प्रश्न यह है कि यदि रामदेव का एलोपैथिक दवाओं की कीमतों की अधिकता रोकने का ही उद्देश्य था तो उन दवा निर्माताओं के विरुद्ध मोर्चा खोलना था जो इन्हें बनाते हैं, बड़ी बड़ी फार्मेसीज के स्वामी है। आयुर्वेद और योग के क्षेत्र में  अपना नाम स्थापित करने वाले एक सन्यासी को पूरी एलोपैथी को स्टुपिड और दिवालिया साइंस कहना किसी संत के स्तर को नहीं दर्शाता प्रत्युत उन्हें इस स्तर से नीचे ले जाने का कार्य ही करता है।

इस विवाद पर कुछ भी कहने के पहले अब आइए जरा विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों को संक्षेप में जाने कि वे क्या हैं और कैसे कार्य करती हैं-

चिकित्सा के क्षेत्र में आजकल एलोपैथी, आयुर्वेद, नेचुरोपैथी और होमियोपैथी में इलाज करने की पद्धतियाॅं/विधियाॅं प्रयुक्त की जाती हैं। समस्या यह है, कि हमें किस पद्धति को विश्वास पूर्वक अपनाना चाहिए? एलोपैथी में व्यापक नैदानिक परीक्षण से शल्यक्रिया करने या उपचार की व्यवस्था है परन्तु देखा गया है कि इन दवाओं के साइड इफेक्ट होते हैं और क्रोनिक बीमारियों में तो आजीवन दवा लेना पड़ती है। आयुर्वेदिक दवाएं सचमुच गंभीर बीमारियों को ठीक करते देखी जाती हैं। नेचुरोपैथी में प्राकृतिक रूप से वायु, जल, प्रकाश और भूमि का प्रयोग किया जाता है पर वे कोई दवा का प्रयोग नहीं करते इसलिए यह सीमित हो जाता है क्योंकि मरीजों को इससे अपेक्षित चिकित्सा और सेवा हमेशा प्राप्त नहीं होती। होमियोपैथिक दवाओं की विशेषता यह है कि वे बहुत सूक्ष्म होती हैं और गहराई से कार्यशील होती हैं क्योंकि वे रोगी के लक्षणों के आधार पर निर्धारित की जाती हैं। 

इनकेे विपरीत एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाएं रोगी के लक्षणों पर आधारित न होकर बीमारी पर आधारित होती हैं। होमियोपैथिक दवा सूक्ष्म होने के कारण यदि गलत भी दे दी जाए तब भी वह भले लाभ न पहॅुंचाए पर हानि नहीं पहुॅंचाती जबकि एलोपैथी और आयुर्वेदिक दवा गलत दे दी जाय तो घातक ही होती है। होमियोपैथिक दवाओं की एक विशेषता यह भी है कि ये अपेक्षतया सस्ती होती हैं और आधुनिक कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग हो जाने के कारण कोई भी व्यक्ति अपने रोग के लक्षणों आधार पर बिना डाक्टर के पास जाए स्वयं ही इन्हें ले सकता है, परन्तु गंभीर मामलों में डाक्टर से ही परामर्श लेना आवश्यक होता है।  होमियोपैथी का सिद्धान्त है ‘‘समः समम शाम्यति’’, इसलिए जितनी क्रूड बीमारी होती है उतनी ही सूक्ष्म दवा चयनित की जाती है और वह तेजी से रोग पर प्रभावी होती है। आयुर्वेद भारत की अतिप्राचीन चिकित्सा पद्धति है  जबकि एलोपैथी की आयु केवल 200 वर्ष है। एलोेपैथी का वर्तमान स्वरूप वास्तव में आयुर्वेद की प्रचलित विधियों और औषधियों में वैज्ञानिक आधार पर शोध कर ही पाया गया है। अतः कहा जा सकता है कि चिकित्सकीय ज्ञान के क्रमागत विकास में आयुर्वेद के आगे एलोपैथी की कड़ी जुड़ी हुई है। उनमें परस्पर किसी भी प्रकार का टकराव नहीं है, वह तो चिकित्सकों और भेषज निर्माताओं के द्वारा अपने आपने धंधे को अधिक लाभदायी बनाने के उद्देश्य से उछाला गया गुबार है जिसमें सामान्य जनता सदा की तरह शोषित हो रही है। आयुर्वेद ने एलोपैथी की तरह उन्नति बहुत पहले ही कर ली होती यदि तात्कालिक समाज के लोगों द्वारा इस पर शोध करने वाले विद्वानों के विरोध में अस्प्रश्यता और हीनता की भावना न भरी गई होती। नीचे दिए गए कुछ उदाहरणों से यह स्पष्ट हो जाएगा। 

महाभारत काल में भीम को दुर्योधन के द्वारा दिए गये विष की चिकित्सा कृष्ण के सुझाव पर  विष के द्वारा किए जाने के प्रमाण पाए जाते हैं जो ‘‘समः समम शाम्यति’’ के सिद्धान्त के अनुसार ही है। उस समय आयुर्वेद में विष चिकित्सा पर शोध के अलावा ‘‘सूचिकाभरण’’ (जिसे आजकल इंजेक्शन कहा जाता है) पर भी प्रचुर जानकारी उपलब्ध थी परन्तु उस समय लोगों में यह अंधविश्वास फैला था कि शरीर में बाहरी द्रव्य सीधे ही नहीं भेजा जाना चाहिए, अतः इस कार्य के विकास में अवरोध आ गया । आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में इंजेक्शन से दवा देना सहज माना जाता है। 

वास्तव में भारत का वैद्यक शास्त्र और आर्यों का आयुर्वेद कृष्ण के काल तक परस्पर मिल कर एक हो गए थे परन्तु आर्यों द्वारा भारत के मूल निवासियों अर्थात् अनार्यों को हेय  दृष्टि  से देखा जाना जारी  था और उन्हें प्रायः राक्षस या म्लेच्छ कहा जाता था। महाभारत काल में कृष्ण के फुफेरे बड़े भाई जरासंध का जन्म सिजेरियन अर्थात शल्यक्रिया के उपरांत ही हुआ था जिसे ‘जरा‘ नाम की महिला डाक्टर ने की थी। इसीलिए वह जरासंध ( अर्थात जिसे  ‘जरा‘ राक्षसी के द्वारा शल्य क्रिया से सिल कर जन्म दिया गया) कहलाये।  ‘जरा’ को राक्षस  कुल की होने के कारण जरा राक्षसी कहा गया है परन्तु जरासंध इस कुल को आदर देते थे और राक्षसी विद्या में पारंगत  हुए। संस्कृत में राक्षसी विद्या का अर्थ है सम्मोहन या  हिप्नोटिज्म। इस विद्या में पारंगत  अन्य महिला थीं हिडिम्बा (भीम की पत्नी)। विशूचिका (हैजा) रोग के उपचार के लिए सुई लगाने की विधि ‘सूचिकाभरण’ का ज्ञान इसी कुल की अन्य महिला चिकित्सक ‘कर्करि’ को था। आर्य इन लोगों को हेय मानकर तिरस्कार करते थे। इस प्रकार की अनेक विद्याएँ भारत में बहुत पहले विकसित हो चुकीं थीं परन्तु प्रोत्साहन के आभाव में वे जानकार के साथ ही विलुप्त होती गईं। बौद्धकाल में तो शवच्छेद ( डिसेक्शन) को बहुत ही हीन कार्य और अस्पृश्य माना जाने लगा था अतः आयुर्वेदिक उन्नत शल्य चिकित्सा विलुप्त हो गई। आज हम पाश्चात्य देशों से उन्हें जान पाते हैं और उन्हें ही इनकी खोज का श्रेय देते हैं। सोचिए, महाभारत काल से ही आयुर्वेद में की जा रही रिसर्च को यदि हतोत्साहित न किया जाकर प्रोत्साहन दिया जाता तो क्या वह आज की एलोपैथी से आगे न होता? आयुर्वेद के इस ह्रास के लिए कौन उत्तरदायी है?

आज की विषम परिस्थिति में कोरोना नामक बीमारी का अभीतक कोई भी विश्वसनीय और गारंटीड उपाय किसी भी पद्धति में नहीं है अतः स्वाभाविक है कि उसे समूल नष्ट करने के लिए हमें ‘ट्रायल एन्ड एरर’ विधि को प्रयुक्त करना पड़ेगा जो एलोपैथिक डाक्टरों ने किया है और करते जा रहे हैं जब तक कि अंतिम समाधानकारक उपाय प्राप्त नहीं हो जाता। इसलिए यह आक्षेप लगाना कि एलोपैथिक डाक्टरों की एक के बाद एक सभी दवाएं कोरोना के मामले में असफल हो रही है और एलोपैथी चिकित्सा स्टुपिड है, एकांगी सोचवाला बचकाना कथन ही माना जाएगा। कोरोना वास्तव में ‘‘नेगेटिव माइक्रोवाइटा’’ हैं जिन्हें नष्ट नहीं किया जा सकता, ये ताप, दाब या अन्य भौतिक प्रभावों से अपरिवर्तित रहते हैं अतः उन्हें केवल ‘‘पाजीटिव माइक्रोवाइटा’’ से ही नियंत्रण में लाकर मानवजीवन को कष्टमुक्त किया जा सकता है। वर्तमान में एलोपैथिक दवाओं से रोग को दूर करने के लिए नहीं, उसे दबाने के लिये प्रयुक्त किया जाता है जिससे शरीर का पारिस्थितिक संतुलन बिगड़ जाता है। इसका कारण यह है कि बीमारी के स्थान पर अधिक नेगेटिव माइक्रोवाइटा एकत्रित हो जाते हैं। एलोपैथिक दवायें रोग को जड़ से ठीक नहीं करती रोग तो अपने आप ही ठीक होते हैं । यद्यपि दवायें रोग को रोकती हैं परंतु अधिक दवाओं के उपयोग से नेगेटिव माइक्रोवाइटा का अधिकता से एकत्रीकरण होने लगता है जो दवा के प्रभाव को कम कर सकता है। प्रत्येक रोगी चाहता है कि उसे तत्काल रोग के कष्ट से मुक्ति मिले अतः एक के स्थान पर अनेक दवाओं को लिखने वाला डाक्टर अच्छा समझा जाता है। डाक्टर यह इसलिए करता है कि किसी न किसी दवा से मरीज का कष्ट दूर हो जाएगा। जबकि यथार्थता यह है कि एलोपैथिक दवाओं के उपयोग से नेगेटिव माइक्रोवाइटा के अधिक साॅंद्रित होते जाने के कारण अनेक नई बीमारियाॅं पैदा हो जाती हैं। यही कारण है कि वर्तमान में प्रत्येक दशक में दो या तीन नई बीमारियाॅं जन्म ले रही हैं। चिकित्सा वैज्ञानिकों को इस क्षेत्र में अपनी रिसर्च को बढ़ावा देना चाहिए तभी वे इस दुरूह कार्य को कर पाने में सफल हो सकेंगे।

अतः स्पष्ट है कि आजकल कोई भी डाक्टर केवल ‘‘अनुमान’’ ही लगा सकते हैं कि कौनसी दवा बिलकुल उपयुक्त है या कौनसी गलत। इसलिए कोई भी यह दावा नहीं कर सकता कि उसे दी गई दवा सबसे उचित है क्योंकि वह डाक्टर के सर्वश्रेष्ठ अनुमान पर ही आधारित होती है। साथ ही यह भी कि यदि दवा अपरिष्कृत है तो वह हानिकारक हो सकती है इतना तक कि उससे मृत्यु भी हो सकती है। सभी प्रकार की चिकित्सा पद्धतियों में कोई न कोई विशेषता पाई जाती है अतः सभी को एक ही छत के नीचे लाकर रोग और रोगी के अनुसार परीक्षण कर चिकित्सा की जाना चाहिए जिसमें सभी का लक्ष्य रोगी को स्वस्थ करना ही होना चाहिए न कि अपने अहं की संतुष्ठी के लिए विवाद। चिकित्सा कर्म से जुडे़ हर व्यक्ति को इस प्रकार के सेंसलेस विवादों को पनपने देने से बचना चाहिए और अपनी ऊर्जा को समाज के हित में नयी रिसर्च करने में प्रयुक्त करने का व्रत लेना चाहिए।

डाॅ टी आर शुक्ल, सागर मप्र।


Sunday, 30 May 2021

353 आत्मोन्नति के कारक

यह संसार बहुत अच्छा है परन्तु लोगों की स्वार्थमय एकांगी सोच ने उसे विकृत कर दिया है। यह विकृतियां इस जगत के सभी प्राणियों को एक दूसरे को नष्ट कर अपना पृथक साम्राज्य स्थापित करने के सभी कार्य कर रहीं हैं। हमारे पूर्वजों ने इस संसार को अपनी अपनी आत्मोन्नति के सहायक साधन के रूप में माना है। विज्ञान ने अनेक सुख सुविधाओं के साधन प्रदान किए हैं पर साथ ही जीवन को एक क्षण में समाप्त करने के उपक्रम भी जोड़ रखे हैं। इस परिस्थिति में विज्ञान से सामाजिक विकृतियों को दूर करने के उपायों की आषा करना व्यर्थ है फिर आत्मोन्नति तो उसके लिए निरर्थक सिद्धान्त के अलावा कुछ नहीं।

अब प्रश्न उठता है कि इन दूषित और विपरीत परिस्थितियों में वह कौन से कार्य हैं जिनके थोड़े से परिमाण में करने पर भी कोई व्यक्ति आत्मोन्नति के मार्ग पर निष्कंटक बढ़ सकता है। इस संबंध में नीतिशास्त्र ये तीन काम करने का सुझाव देता है-

1/ उस व्यक्ति को चाहिए कि ऐसा प्रयास करे कि उसके कारण किसी अन्य व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक कष्ट न हो अर्थात् उसे संताप न हो।

2/ उस व्यक्ति को चाहिए कि ऐसा प्रयास करे कि उसे दुष्ट व्यक्तियों के साथ न रहना पड़े या उनके पास किसी काम से न जाना पड़े।

3/ उस व्यक्ति को चाहिए कि ऐसा प्रयास करे कि उसके किसी भी कार्य से उन लोगों के मार्ग में कोई बाधा उत्पन्न न हो जो सत्य के अनुसंधान में अपने आप को दिन रात लगाए हुए हैं।

इस प्रकार इन तीन कार्यो को थोड़ी मात्रा में भी किया जा सके तो वह बहुत माना जाता है।


Wednesday, 26 May 2021

352 तुम


तुमने कहा,

बृन्दावनम् परित्यज्य पादमेकम् न गच्छामी-

अर्थात् मैं बृन्दवन को छोड़कर एक पद भी कहीं नहीं जाता।

मैंने बृन्दावन का कोना कोना छान मारा, तुम कहीं न मिले!

फिर तुमने कहा,

मनोलोक के बृन्दावन में ढूड़ना था, वहाॅं क्यों भटके?

मैं फिर, मन के बृन्दावन में खोजने लगा,

वहाॅं भी तुम नदारत थे!

अब, तुम कहते हो भावलोक में जाकर देखो वहीं मिलूंगा।

मैं ‘भवसागर’ में गोता लगाते

बड़ी बड़ी युक्तियों के सहारे, मुश्किल से

‘‘भावसागर’’ के तट पर बैठा तुम्हारी राह देखता रहा।

तुम्हारी कहीं छाया भी नहीं दिखी!

मैं कभी तट पर तो कभी सतह पर दौड़ता दौड़ता,

बहुत थककर, निराशा में डूबा गया। 

तुम फिर बोले, 

सतह पर नहीं! गहराई में, बहुत गहराई में गोता लगाओ ।

डूबने के डर से मैं सतह पर ही घूमता रहा।

अचानक एक बड़ी सी लहर ने अपने में लपेटा

और ले गयी न जाने कहाॅं!

क्षण भर में, मैं वहाॅं पहुॅंचा जहाॅं तुम,

तुम नहीं थे ....... 

बस, मैं ही मैं था,

विशुद्ध मैं।